एक गैलेक्सी में कुछ लाख से सैकड़ों अरब तारे होते हैं, जो पारस्परिक गुरुत्वाकर्षण के काऱण एक दूसरे के साथ बंधे होते हैं| एक गैलेक्सी के तारे तारकीय समूहों का या गैलेक्सी में व्याप्त अलग -अलग तारों की एक बड़ी आबादी का हिस्सा हो सकते हैं| इसके अलावा, एक गैलेक्सी में तारकीय अवशेष, धूल, गैस और अदृश्य पदार्थ होता हैं| कई गैलेक्सियों में उनके केंद्र में एक अति विशालकाय ब्लैक होल होता है|
अदृश्य पदार्थ एक ऐसा पदार्थ है जो ना तो विद्युत चुम्बकीय विकिरण को उत्सर्जित करता है और ना ही उसके साथ कोइ अन्तः क्रिया करता है , और इसलिए इसे प्रत्यक्ष प्रेक्षणों द्वारा देख पाना असंभव है | यद्यपि अदृश्य पदार्थ को देखा नहीं जा सकता है, इसमें द्रव्यमान होता है, और इसके अस्तित्व का अनुमान दृश्य पिण्डों पड़ने वाले इसके गुरुत्वाकर्षण प्रभावों से किया जाता है | ऐसे प्रभावों में दृश्यमान पिण्डों की गति, या गुरुत्वीय लेंसिंग के कारण छवियों का विकृत होना शामिल है। गैलेक्सियाँ अदृश्य पदार्थ के एक विशाल प्रभामंडल से घिरी होती हैं - एक अर्थ में गैलेक्सी में जो हम देखते हैं, वह हिमखंड का केवल एक छोर भर है।
ब्रह्मांड के इतिहास के शुरुआती करोङों वर्षों में , अदृश्य पदार्थ कई विशाल , सघन क्षेत्रों में विकसित हुआ, जिसे प्रभामंडल कहा जाता है| जैसे जैसे हाइड्रोजन और हीलियम गैस इन प्रभामंडलों पर गिरीं , शुरुआती गैलेक्सियों और शुरुआती तारों का निर्माण हुआ | अपनी आकाशगंगा जैसी बड़ी सर्पिल गैलेक्सियां कई छोटी गैलेक्सियों को आकर्षित और स्वयं में समाहित करने से विकसित हुईं । विशाल अण्डाकार गैलेक्सियां तब बनीं जब अधिक विशाल गैलेक्सियां आपस में टकराईं और उनका आपस में विलय हो गया । अपने उपलब्ध गैस भंडार के आधार, और विस्फोट करने वाले तारों या गैलेक्सी केंद्र में होने वाली गतिविधियों के माध्यम से गर्म होने के कारण , इन गैलेक्सियों में नए तारों का निर्माण बढ़ी हुई या धीमी गति से हुआ ।
उनके दृश्य स्वरूप के अनुसार, गैलेक्सियों को सर्पिल, अण्डाकार और अनियमित गैलेक्सियों में वर्गीकृत किया गया है| ये प्रकार न केवल आकार में बल्कि उनमें उपलब्ध सामग्री के आधार पर भी भिन्न होते हैं| सर्पिल गैलेक्सियों में चपटी सर्पिल भुजाएँ होती हैं जो मुख्य रूप से चमकीले युवा तारों और बड़ी मात्रा में गैस और धूल से बनती हैं। इसके विपरीत, अण्डाकार गैलेक्सियों में कम गैस होती है। उनके तारे अधिकतर पुराने हैं और अंडाकार या गोलाकार आकार में वितरित हैं। अधिकांश बौनी गैलेक्सियों सहित कुछ गैलेक्सियों में इन दोनों में से कोई भी मानक आकार नहीं होता है और उन्हें अनियमित कहा जाता है।
हमारी आकाशगंगा, केंद्र में एक छड़ के आकार की संरचना युक्त, एक सर्पिल गैलेक्सी है | सौर मंडल एक सर्पिल भुजा में, गैलेक्सी केंद्र से लगभग 25,000 प्रकाश-वर्ष की दूरी पर स्थित है | हमारी आकाशगंगा का दृश्यमान हिस्सा लगभग 100,000-120,000 प्रकाश-वर्ष व्यास वाला और केवल 2,000 प्रकाश-वर्ष की मोटाई वाले तारों का एक डिस्क-आकार का संग्रह है| इस डिस्क में युवा तारे और धूल सर्पिल भुजा का निर्माण करते हैं| एक अंधेरी रात में और एक उपयुक्त रूप से अंधेरे स्थान से, हम आकाशगंगीय डिस्क के 100 अरब से अधिक तारों के कुछ हिस्सों को आकाश में विशाल धुंधली पट्टी के रूप में देख सकते हैं जो आकाश में झुकती हुई नजर आती है। हमारी अपनी गैलेक्सी के भीतर से हमारा दृश्य है।
सर्पिल भुजाओं के गठन के बारे में एक व्यापक रूप से स्वीकृत सिद्धांत यह है कि वे एक गैलेक्सी चक्रिका में घनत्व तरंग के चलने का परिणाम होते हैं, जिससे तारे, गैस और धूल एक व्यस्त राजमार्ग पर ट्रैफिक जाम की तरह इकट्ठा हो जाते हैं। यह चक्रिका में सघन क्षेत्रों को जन्म देता है जिन्हें सर्पिल भुजाओं के रूप में देखा जाता है| इन उच्च घनत्व वाले क्षेत्रों में बहुत अधिक गैस और धूल होती है, जो नए तारों के गठन के लिए आवश्यक हैं| इसलिए, सर्पिल भुजाओं में कई युवा चमकीले तारे होते हैं, जो दर्शाते हैं कि इन क्षेत्रों में तारा निर्माण की दर अधिक होती है।
एक आदर्श गैलेक्सी में अनुमानतः 10 करोड़ तारकीय द्रव्यमान वाले ब्लैक होल पाए जाते हैं | इस प्रकार के ब्लैक होल तब बनते हैं जब एक विशाल तारा एक सुपरनोवा विस्फोट में अपना जीवन समाप्त करता है| अति विशाल ब्लैक होल अधिकांश गैलेक्सियों के केंद्रों में पाए जाते हैं, और ये सबसे बड़े प्रकार के ब्लैक होल होते हैं, जिनका द्रव्यमान कुछ लाख सौर द्रव्यमान से लेकर एक अरब से अधिक सौर द्रव्यमान के बीच होता है| हमारी आकाशगंगा के केंद्र में लगभग चालीस लाख सौर द्रव्यमान वाला एक अति विशाल ब्लैक होल है| विशाल अण्डाकार गैलेक्सी M87 के केंद्र में एक ब्लैक होल के घटना क्षितिज (इवेंट होराइजन) के सिल्हूट की पहली प्रत्यक्ष छवि 2019 में दुनिया भर के आठ रेडियो दूरबीनों के डेटा को मिलाकर बनायी गई थी।
आकाशगंगा का निकटतम पड़ोसी लगभग 25,000 प्रकाश वर्ष की दूरी पर कैनिस मेजर बौनी गैलेक्सी है| दूर की गैलेक्सियां हमें बहुत धुंदली दिखाई देती हैं और इसलिए उनका अवलोकन करना मुश्किल होता है| दूर की गैलेक्सियों की छवियों को प्राप्त करने के लिए, उच्च विभेदन क्षमता वाली बड़ी दूरबीनों को नियोजित करना आवश्यक है, और इन पिण्डों से पर्याप्त प्रकाश इकट्ठा करने के लिए अधिक समय तक अनावरण (लांग एक्सपोज़र) की आवश्यकता होती है
गैलेक्सियां ब्रह्मांड में अव्यवस्थित ढंग से बिखरी हुई नहीं हैं। बल्कि, औसत गैलेक्सी, एक गैलेक्सी समूह का हिस्सा होती है। इन समूहों में सैकड़ों या हजारों गैलेक्सियां शामिल होती हैं जो अपने पारस्परिक गुरुत्वाकर्षण से एक साथ बंधी हुई होती हैं। गैलेक्सियों के समूह स्वयं भी महासमूह (सुपरक्लस्टर) नामक बड़ी संरचनाओं में समूहित होते हैं। हमारी आकाशगंगा गैलेक्सियों के स्थानीय समूह का हिस्सा है, जिसे हमारा स्थानीय समूह (लोकल ग्रुप) कहा जाता है , इसमें 54 से अधिक गैलेक्सियां शामिल हैं। यह 'स्थानीय समूह' वर्गो समूह का एक दूरस्थ सदस्य है, जो वर्गो महासमूह का हिस्सा है, और वह स्वयं लानियाकिया महासमूह का हिस्सा है
गैलेक्सियों के बीच अंतःक्रिया उनके आकार और विकास को प्रभावित करती हैं।पहले यह माना जाता था कि एक प्रकार की गैलेक्सी अपने जीवनकाल में दूसरे प्रकार की गैलेक्सी में विकसित हो सकती है, लेकिन वर्तमान वैज्ञानिक ज्ञान यह दर्शाता है कि कुछ प्रकार की गैलेक्सियों के पीछे गुरुत्वाकर्षण अंतःक्रिया ही मुख्य कारण हैं।उदाहरण के लिए, दीर्घवृत्तीय गैलेक्सियाँ बड़ी पूर्वज गैलेक्सियों के मिलन से बन सकती हैं, और साथ ही ये घटनाएं अंतःक्रिया करने वाली गैलेक्सियों में एक तीव्र तारा निर्माण गठन प्रक्रिया को आरम्भ कर सकती हैं।